Monday, March 12, 2012

एक तो चोरी, ऊपर से सीनाजोरी।

अभी -२ समाचार पढ़ रहा था जिसमें हमारे एक संसद सदस्य को न्यायालय ने जेल से निकल कर संसद की बैठक में भाग लेने की अनुमति प्रदान की है। और फिर अचानक मेरे मन में आया कि कैसे आज के नेता जेल से आते हुए  ऐसा भाव देते हैं जैसे देश की आजादी की लड़ाई में लड़ते हुए जेल की सज़ा काट कर बाहर आ रहे हों। अब तो जेल में आना जाना भी जैसे STATUS SYMBOL बन गया है। सभी में होड़ सी लगी हुई है कि कब मुझे भी मौक़ा मिले मोटी कमाई करने का और फिर तिहाड़ में VIP CELL में कुछ रातें बिताने का। सच.. सही तो है - "एक तो चोरी, ऊपर से सीनाजोरी।"

Thursday, December 30, 2010

एक सन्नाटा सा...

एक सन्नाटा सा छाया है हर तरफ..
लगता है अहम की लड़ाई है|

Saturday, November 13, 2010

ज़िन्दगी.. मैंने तुझे बहुत करीब से देखा है|

ज़िन्दगी.. मैंने तुझे बहुत करीब से देखा है..
हाँ.. सच, मैंने तुझे और सिर्फ तुझे देखा है||

तन्हा गुज़र गयी वो वक़्त की गहराईयाँ,
बयां कर गयी वो तन्हाईयाँ..
वक़्त गुजरेगा कब.. मुझे बतला..
मौत से पहले ज़िन्दगी, रही सिर्फ तेरी परछाईयाँ||

हाँ ज़िन्दगी.. इन परछाईयों में,
मैंने तुझे बहुत करीब से देखा है|

वक़्त ठहरता नहीं.. और रंगत बदल जाती है,
हल्की आहट भी तेरे जाने की.. मुझे थरथराती है|
ले जाना नहीं साथ कुछ, फिर भी इतना सब बटोर लिया,
खाली हाथ जाना है.. इस सच्चाई पर ना गौर किया|

हाँ ज़िन्दगी.. इन सच्चाईयों में,
मैंने तुझे बहुत करीब से देखा है||

Friday, October 1, 2010

Living the most unlivable life

It's been the utter truth to me that a life one is being living around me is most unlivable. Don't mistaken yourself by the enormous means of entertainment or fun, but purely the authenticity of one's in himself as being a pure human.

Friday, September 10, 2010

कुछ अजनबी से खयालात मेरे..

लेखनी वो मेरी, जब तुझे हम दिल की आह लिखा करते थे,
बेरुखी तेरी वो जब, हम दिल की तमन्ना बयाँ करते थे|
खो गयी वो भी अब कहीं वक़्त की गहराईयों में,
नज़र जो अब वो आयी उन तनहाईयों में..
समझ ना पाया था शायद मैं उन्हें तब.. वो जज्बात तेरे ..
होश खो देने को काफी थे वो.. बेरहम.. पर अफसलात तेरे||

एक अजनबी से यूँ.. मुलाक़ात तो ना होती|
लफ्ज़-बा-लफ्ज़.. तकरीरे हयात ना होती||
ग़र लफ्ज़ कुछ मिल जाते मुझे भी वाजिब..
बयां में मेरे... तकरारे गुमां ना होती||

Thursday, September 9, 2010

क्यूँ इसके फैसले हमें मंज़ूर हो गए.. क्यूँ ज़िन्दगी की राह में मजबूर हो गए...

आज कुछ लिखना जैसे बहुत भारी पड़ रहा है| सच, सोचा ना था कि ज़िन्दगी इस कदर गुजरेगी| भरा -पूरा परिवार, अच्छी-खासी कमाई, पर कहीं कुछ है जो आज मुझ से छिन सा गया है| मन कि शान्ति.. दिल का चैन.. पता नहीं कौन सी दुनिया में जी रहा हूँ मैं| जब अपने होश खो देता हूँ तो शायद चैन की नींद सो लेता हूँ| इच्छा होती है कि जैसे कहीं जंगलों में चला जावूँ, जहाँ मुझ तक कोई ना पहुँच पाए| खुद से भी कहीं भागना चाह रहा हूँ.. पर किसी डर से नहीं, सिर्फ दो पल के चैन के लिए| शायद मैं कहीं खुद से ही डरने लगा हूँ| वक़्त की कमी है, ज़िम्मेदारी बहुत भारी हैं और इच्छाओं का कोई अंत नहीं| और हाँ शायद मुझ से शिकायतों की फेहरिस्त भी बहुत लम्बी है.. बहुत से लोगों की| वो कहते हैं कि मैं उन्हें वक़्त नहीं देता| अब उन्हें क्या कहूँ.. वक़्त की ही तो कमी है|
पता नहीं.. मैं बहुत समझदार हो गया हूँ.. या बहुत से नासमझ लोगों से घिरा हुआ हूँ, जिस कदर मैं चल रहा हूँ, कोई मुझे समझ नहीं पा रहा है| शायद मैं ही कहीं गलती कर रहा हूँ| सपनों की दुनिया की तेज दौड़ में दांव लगा बैठा हूँ.. और जीतने का इरादा रखता हूँ| सूखी नदिया के किनारे बैठ.. नैय्या की तमन्ना रखता हूँ| मुझे पता है.. जीत आसान नहीं, पर हारने का इरादा मैं भी नहीं रखता|
लिख कर भी जब कोई लिख ना पाए.. मजबूर जब कोई हो जाए|
वक़्त से भी तन्हाई में बतियाये.. बस वो ही तो.. जिंदगानी.. सिर्फ तुझ से बतलाये||

Thursday, August 5, 2010

रोज़मर्रा की ज़िन्दगी ...

ज़िन्दगी की सच्चाई लिखना ना ही सब के बस की बात है और ना ही बहुत से लोग लिखते हैं| पर कभी -२ आप ऐसे मुकाम पर होते हो जहाँ ज़िन्दगी भी अपने सच के साथ सामने खड़ी होती है, और आप भी कुछ छुपाना नहीं चाहते..
ऐसा ही आज कुछ अपने दोस्तों के बारे में मैं भी लिख रहा हूँ..
स्कूल से कॉलेज और कॉलेज से जॉब.. और जॉब के साथ ज़िन्दगी.. कुछ अलग नहीं है मेरी ज़िन्दगी एक आम इंसान से..
कुछ अलग है तो सिर्फ मेरी सोच और मेरी सोच के साथ जुडी कुछ यादें|
ज़िन्दगी ने मुझे बहुत कुछ सिखाया, पर कहीं ना नहीं मैं अपने सच को मुझ से नहीं छुपा पाया|
ज़िन्दगी के किसी भी मोड़ पर मैंने अपने को अपने सच के साथ खड़ा पाया| ना किसी का बुरा किया और ना ही कभी करूँगा| पर कभी किसी से डरा भी नहीं(even from so called God), और बस आज भी जब मैं अपने बारे में सोचता हूँ तो हर तरीके से खुद से रूबरू होने में मुझे कभी तकलीफ नहीं होती|
रोज़ कुछ नए लोगों से मुलाक़ात होती है| कुछ अपनी नौकरी पर तो कुछ रास्ते के अनजाने चेहरे.. पर पता नहीं क्यूँ, बहुत से लोग मेरे बहुत करीब नहीं आ पाते तो.. बहुत से लोग दूर रहते हुए भी कभी जुदा नहीं हो पाते|

Saturday, June 12, 2010

कब तुझ से हम बेगाने हो चले..

कब तुझ से हम बेगाने हो चले,
ऐ मेरे मुल्क अब तो मुझे बता
तेरी गलियों से कब हम अनजाने हो चले|

सीख तुझ से ली मैंने हर कदम,
और अब वो कदम .. तेरे पैमाने पर अब बेमाने हो चले|
ऐ मेरे मुल्क अब तो मुझ को बता,
कब हम तुझ से अनजाने हो चले||

ना राह बदली और ना बदला मेरा वो ठिकाना,
ना लोग बदले और ना बदला वो ज़माना|
क्यूँ बदल गया मेरा मन इतना,
जो तुझ से हर मुकाम पर, बस एक सवाल कर चले,
क्यूँ ना हम तुझ से अब.. अनजाने हो चलें||

Friday, April 9, 2010

One abrupt moment..

ग़ज़ल सुन रहा हूँ और साथ में एक आतिशी कविता पढ़ रहा हूँ|(http://anuragdhanda.blogspot.com/) दोनों का कोई combination नहीं है, पर अजनबी राह पर चलने की अब आदत सी हो चली है.. सो आज भी..


यहाँ ना किसी हसीना का जिक्र है और ना ही अभी ऐसी कोई तमन्ना है, पर सोच रहा हूँ कि मैं कब और कहाँ खो गया इस दुनिया की रवानगी में| किसी अंधी सी दौड़ का मैं भी बस एक घोडा सा बन कर रह गया हूँ| मेरे आस-पास भी बहुत कुछ ऐसा ही है| सब चले जा रहे हैं एक अजनबी सी राह पर, जिसका ना कोई छोर है और ना ठिकाना|


ऐ ज़िन्दगी..  जब तुझ से पड़ा मेरा वास्ता,
मुझे भी एक पल सोचना पड़ा,
आज जी लूँ तुझे कि कल का इंतज़ार करूँ|


पल-पल फिसले रेत की तरह तू, 
जितनी करूँ पकड़ गहरी, उतनी न संभले तू..
आज ठहर जा ज़रा गलियों में मेरी,
तुझे जीना ज़रा मैं भी सिखा दूँ|



Friday, April 2, 2010

मय की मदहोशी..

इन पंक्तियों को सुबह मैंने अपने mailbox में पढ़ा.. mailed by Me only
No idea when I wrote them and mailed to myself last night :)

मय को क्यूँ.. तुम किये बदनाम जा रहे हो,
हकीकत ही तो है यही.. जो तुम बयान किये जा रहे हो|

Some more from another mail written last night..

बिछड़े यार अब पुराने हो चले, वक़्त ने कहा.. यादों का सहारा लो..
यादों ने कहा.. अब हम भी बेगाने हो चले...

ek shaam.. kuch naye doston ke saath

आज फिर बहुत दिनों बाद लिखने का लुत्फ़ उठा रहा हूँ,
कुछ नए दोस्तों की महफ़िल के जाम.. आज फिर बतला रहा हूँ|

नहीं बदला है बहुत कुछ, पर इतफ़ाक है कुछ ऐसा..
पुरानी कहानी.., फिर नए जाम के नाम बतला रहा हूँ|

हुस्न था ना करीब मेरे, पर मदहोशी ने मुझे घेर लिया,
देखा था जिसे बरसों पहले, उस लम्हे ने फिर एक फेर लिया|
जिक्र करूँ मैं क्या उसका, जिसने देखने से भी मूंह फेर लिया
पलक झपकी कि गहरी परछाइयों ने मुझे घेर लिया||

आज फिर उस जिक्र का.. जिक्र किये जा रहा हूँ,
पुरानी कहानी... फिर नए जाम के नाम बतला रहा हूँ||

शाम निकली कुछ इस कद्र, मदहोश कर चली,
पुरानी यादों की कड़ी, फिर नए धागे में पिरो चली|
हुस्न की तारीफ.. बस किये जा रहा हूँ,
पुरानी कहानी... फिर नए जाम के नाम बतला रहा हूँ||

Monday, December 28, 2009

३ idiots - A truth about Indian technical competence

I happen to watch this movie called "3 idiots" last weekend and would reckon that those 3 idiots depicted in the movie says the truth about our system in India and to some extent not just the system, but a mentality of an ordinary Indian. Yeah, as I said ordinary Indian, that makes a big part of engineers and doctors (I should include MBA professionals as well).

When we start in the school, we just got to know about a couple of basic subjects and keep on pushing ourselves for that bookish knowledge without any materialistic knowledge. We might not know the meaning or a practical use or example of that knowledge base, but I am sure (and many others), we won't miss a single word from that bookish definition.

It was indeed a true "balatkaar" of actual knowledge(pardon my language) that is happening around in every school in the name of education.

Leave alone the basic school education, all the engineering education is in pathetic condition. The coursework is decades old. Labs are in worst possible condition. Just providing good machines without a capable instructor shouldn't be called a lab. Their should be a motivator, a guide, a technical guru to help you out and encourage you when you are hitting hurdles to achieve something. The truth is that the instructors are afraid to help you out such that their image will be tarnished(as they know they are in-competitive and less knowledgeable practically as compared to their students, in some cases).

Performance, Technical competence is no more a criteria for awards/promotions, its all reservations on various basis that secure you a better berth in the whole system.

Recently, I was reading a news that Gujrat govt is making it compulsory to vote for every citizen. I think its a tougher, but a good move. At least that will bring a new era of true voice from a suffering class that hesitates to vote till now. And hopefully, all those idiots will come to vote for a progressive government.

Last, but not least, 3 idiots made my day. Awesome movie..

Saturday, December 12, 2009

मेरी बेटी और मेरी पसंद -I+

एक रागनी जिसे सुन कर मेरी बेटी भी थिरकती है और मैं भी ....
तू राजा की राज दुलारी, मैं सिर्फ़ लंगोटे आला सूं.
भांग रगड़ कै पिया करूँ मैं कुण्डी सोटे आला सूं।।

तू राजा की छोरी सै, म्हारे एक भी दासी दास नही,
शाल-दुशाले औद्हन आली, म्हारे काम्बल तक भी पास नही।
.....
......
मुझे नही पता था की मेरी बेटी भी अपनी हरयान्वी से उतनी हे जुड़ी हुई है जितना की मैं। वक्त ने साथ निभाया तो उसकी हर सालगिरह पर उसका ये हरयान्वी प्रेम और उभर कर सामने आएगा।

Friday, December 11, 2009

एक बेटी और एक साल - I

एक अरसा बीत गया कुछ लिखे हुए, पर आज ख़ुद को रोक नही पा रहा हू कुछ लिखने के लिए। क्या करू, आज बेटी की याद ने कुछ इतना मजबूर कर दिया कि बस, अब दिन- रात एक सपना और एक परछाई, हाँ मेरी परछाई मुझे बार-२ कह रही है, ज़िन्दगी यहाँ भी है।
मुझे आज भी वो दिन याद है जब पहली बार मैंने अपनी परछाई, अपनी बेटी को देखा था, अपने हाथों से उसको छुवा था। एक नन्ही सी परी, ना सोचा था... ना ही वो कहीं ख्वाब में थी, पर एक कोई तो था जो आने वाला था। और जैसे ही मैंने उसे अपने हाथों में लिया... एक वो अहसास, जो शायद मैं अभी तक नही भूल पाया हू, मुझे आज भी कह रहा है, पापा मैं आपकी दुनिया में हू। एक नाज़ुक परी जैसे कहीं से उतर कर मेरे हाथों में आ गए हो, देख कर नज़र हटाने को मन नही कर रहा था।
कुछ दिन अपनी बेटी के साथ बिताने के बाद मुझे वापिस जाना पड़ा। मन नही कर रहा था, पर क्या करू मजबूरी थी और नौकरी के लिए जाना पड़ा। वक्त बीता और वो तीन महीने भी। मेरी बेटी मुझ से मिलने आ रही थी, एक अरसे बाद। पता नही कैसी होगी, एक छोटी सी परी।
सिडनी में:
आज तीन महीने बाद मैं अपनी बेटी को लेने एअरपोर्ट पहुँचा। बहुत देर से पहुँचा। और जब पहली बार उसको देखा तो बस, देखता ही रह गया। बहुत बदल गए थी उसकी सूरत। और उसकी अदाएं भी अब निराली थी। अब उसकी आवाज़ भी अब आस-पास के माहौल को गूंजा देने के लिए काफ़ी थी। आज मैं अपनी बेटी को हमेशा अपने पास रखने के लिए लेकर जा रहा था। और बस पूरे रास्ते उसकी सूरत देखने से जैसे मन ही नही भर रहा था। .....

Thursday, April 9, 2009

किट्टी नहीं रही | (31-03-2009)

किट्टी - एक प्यारी सी संगीनी|
जब ये अपना बचपन एक नए परिवार में बिता रही थी तो मैंने भी अपने विदेश के बचपन की यात्रा शुरू की थी| जब इसने अनजान से लोगों की अनजान सी भाषा को समझना शुरू किया था, तब मैंने भी मेरी मातृभाषा को अलविदा कह अंग्रेजी से दो-२ हाथ किये थे| मुझे अपने सफ़र की याद आज भी ताजा है, और आज जब किट्टी नहीं रही तो सोच रहा हूँ कि उसका सफ़र कैसा रहा होगा?

वो इंसान का एक जानवर के साथ बर्ताव, कभी जूठन तो कभी बासी खाना| क्या उसने कभी सोचा होगा कि एक नाज़ुक सा बचपन जहाँ एक माँ खूब सारा प्यार देती है, अच्छे से अच्छा खाना देती है, वहां उसे एक दूसरो की दी हुई मजबूर से ज़िन्दगी जीनी होगी? शायद उसके भी कुछ ख्वाब रहे होंगे, एक सुनहरी सी ज़िन्दगी के| पर आखिर ख्वाब तो ख्वाब होते हैं, कुछ पूरे और कुछ अधूरे से|

मेरी विदेश यात्रा का बचपन, एक उभरते हुए देश से एक अग्रणी देश का सफ़र| मेरी दास्ताँ भी किट्टी के बचपन से कुछ अलग नहीं, कुछ सुनहरे से सपनो को टूटते हुए मैंने भी देखा| कुछ पाया तो बहुत कुछ खोया भी| माँ के हाथ की चुपडी हुई रोटी से..... एक सूखी सी bread को मैंने भी चबाया| 

वो सर्द सी रातें, जब एक मोटी सी रजाई में भी ठण्ड के मारे हालत बुरी रहती थी, किट्टी का बाहर ठण्ड में सारी रात घर का पहरा देना| सच, उसने धीरे -२ सब का मन मोह लिया| फिर दिन कुछ ऐसे पलटे की वो सब की चहेती हो गयी|  सबने उसको अपना लिया| और शायद घर के उस एक इंसान की वो सबसे प्यारी हो गयी जिसने शुरू में उसका सबसे अधिक विरोध किया था| किट्टी को भी ताजा खाना मिलने लगा| सर्द रातों में सोने की लिए उसके लिए भी कुछ गर्म इंतजाम (बोरी) किये जाने लगे| कुल मिला कर, वो सभी की चहेती हो चली| 

एक बात जो मैं कभी नहीं भूलता, वो थी उसकी अपनों की पहचान| सालों बाद जब मैं अपने घर पहुंचा तो मुझे लगा की शायद अब तो मैं भी उसके लिए एक अनजान ही हूँ, पर पता नहीं कैसे, उसने मेरा उसी अपने पहचाने तरीके से स्वागत किया जैसे की मेरी उसके साथ बरसों की पहचान थी| या कहिये शायद एक की आपबीती ने दूसरे को दूर से ही पहचान लिया| उस समय वो मुझे एक इंसान से कहीं अधिक समझ वाली लगी, जिसने मुझ से ना कोई सवाल किये और न मेरे आने पे कोई ऐतराज़, बस एक प्यार भरा स्वागत|

काश मैं उसकी भाषा समझ पाता और उस से उसकी आपबीती पूछता और अपनी कहानी भी उसे बतला सकता| पर कुदरत ने बहुत सोच समझ कर सबकी भाषा को अलग-२ बनाया है| सबको अपनी कहानी खुद ही लिखने का अवसर दिया है|

अब वो अपना वक़्त पूरा कर एक नयी दुनिया की और जा चुकी है| शायद कुछ अच्छी और कुछ बुरी सी यादों के साथ| एक हमसफ़र का साथ हमसे छूट चला| तमन्नाएं थी की उस अपने एक प्यारे से साथी से पूछ पाता कि अनजान सफ़र की राह, वो मुश्किल सी पगडंडियाँ और वो छोटी सी राह के हमसफ़र, कैसा लगा उसे वो सब कुछ? और जाते हुए अपने साथी को अपनी इन आँखों से अलविदा कह पाता| काश आने वाले वक़्त में कभी कहीं अपने उस साथी से मुलाक़ात होगी, कुछ अजनबी और अनजान सी राहों पे| 

-एक छोटी सी राह का हमसफ़र|


Friday, April 3, 2009

सुख और आनंद

सुख और आनंद
शायद ये दोनों शब्द एक जैसे लगें..
पर नही.. दोनों में बहुत फर्क है.

सुख एक अभिलाषा है.. पर आनंद एक अनुभूति है..
शायद किसी को दुःख में भी आनंद की अनुभूति हो..

कुछ लोग शायद इसे समझ पाएं और कुछ लोग नहीं..

बस इतना ही..
:)

Monday, November 5, 2007

आख़िर सीटी बज गयी..

वैसे तो ये लम्हे कई बार याद आ चुके हैं। और ऐसे ही आज फिर पुराने दिनों कि कुछ यादें ताज़ा हो गयी। इन यादों ने भी खूब साथ निभाया है। भूलते हुए कई रिश्तों को इन यादों ने कई बार एक नयी जान दी है। वैसे तो ये यादें कभी ना भूलने वाली हैं, पर फिर भी सोचा कि इन यादों को यहाँ लिख कर हमेशा के लिए अमर कर दिया जाये।


ये किस्सा उन दिनों का है, जब मैं(मनु), जनाब(संजीत खोखर) के साथ Auckland में 4/3 Louvain Ave, Dominion Rd. में रहता था। हम लोग घर पर ही अपना खाना बना कर खाते थे। किसी का आटा बनाने का काम था तो किसी को बर्तन धोने थे। किसी ने सब्जी बनानी थी तो किसी ने रोटी(चपाती) बनाने की जिम्मेवारी ली हुई थी। हम चार लोग बहुत अच्छे दोस्त थे और ये काम आपस में मिल बाँट कर करते थे। चलिए अब इन चारों से भी आप का परिचय करवा दिया जाये। ज़नाब(संजीत) से तो आपका परिचय हो ही चुका है। अब मिलते हैं लठ से.. हा हा हा। ये हैं अपने हुड्डा साहब यानी की संदीप हुड्डा। और अब बारी आती है पाले हवलदार की। और हमारे बीच में हवलदार था दीपक बल्हारा। और चौथा यानी कि मैं खुद। अब मुझे पता नही ये लोग किसी नाम से बुलाते थे या सिर्फ मनु ही था।

अब देखते हैं कि उन दिनों कौन क्या कर रहा था। शुरुआत मुझ से ही करते हैं। तो मेरा काम था आता बनाना और रोटी सकने में मदद करना। हवालदार रोटी बेलने का काम संभाले हुए था। ज़नाब का काम सब्जी काटना और बनाना था तो लाथ की जिम्मेवारी बर्तन धोने और सब्जी में मदद करने की थी।


छुट्टी के दिन हम सब सुबह लेट उठ कर देर से खाना खाते थे। तो ऐसा ही कुछ वक्त था। और ज़नाब राजमा की सब्जी बना रहा था। हमारा चुल्हा (stove) electricity operated था। तो जब हम उसे चलाते हैं तो ये एकदम से पता नही चलता। तो सबको भूख लगी हुई थी। सभी सब्जी बन जाने के इंतज़ार में थे। और जब तक सब्जी बनाती, सभी लोग हाल में बैठ कर सिनेमा (tv) देखने लगे। तो ज़नाब राजमा को कुकर में डाल कर stove को on करके आ गया और हमारे साथ हाल में बैठ कर मूवी देखने लगा। पहले पहल तो किसी को कुछ ख़ास अहसास नही हुआ, पर बहुत देर हो चुकी थी और कुकर की सीटी नही बज रही थी। पर हर कोई इतना आलसी था कि सिर्फ खड़े होकर रसोई में देख नही सकता था कि क्या हो रहा है। शायद डेढ़ - दो घंटे बीत गये होंगे पर सीटी नही बजी और हम सब भी इतने ढीठ कि देख नही रहे थे कि क्या कारण है और सभी को बहुत जोर से भूख भी लगी हुई थी। और आख़िर में शायद सबने ज़नाब को ही उठाया और उसके बाद जो कारण सामने आया कि बस आज भी हँसी नही रूकती है। हमारे ज़नाब ने असल में कुकर को एक चूल्हे पर रख दिया था और जला (ignite, on) दुसरे चूल्हे को आये थे। अब पिछले २ घंटे से खाली चूल्हा जले जा रहा था और कुकर दुसरे बिना जले हुए चूल्हे पर रखा था और हम वहाँ हाल में बैठे हुए सीटी बजने का इंतज़ार कर रहे थे।



और इसके बाद हम लोग इतना हँसे कि बस पूछो मत। और कितने ही दिनों तक हम ज़नाब से confirm करवाते रहे कि अब कुकर सही चूल्हे पर रखा है या नही। और उस दिन हम लोगों ने खाने में सुबह तो atleast movie ही खायी।



और भी बहुत सारे कारनामे हैं ज़नाब के। इतने में ज़नाब कहाँ बस करने वाले थे। धीरे -२ समय मिलने पर उनका भी यहाँ जिक्र करूँगा।



बस चलते -२ इतना ही कहूँगा कि वो यादें आज भी बहुत हसीं हैं।

Friday, October 5, 2007

कुछ बिखरे से पल ...( Cambridge, न्यूज़ीलैंड )

आज फिर यादों के भंवर से कुछ धुंधली सी यादें आ रही हैं| कुछ उन पुराने दिनों कि यादें, जिन्हे या तो कुछ लोग कभी याद ही नही करना चाहते या फिर छुपाते हैं| हाँ, मेरी भी कुछ यादें हैं ऎसी|

मैं उन दिनों न्यूज़ीलैंड में था| अभी जिस लम्हे का मैं जिक्र करना चाह रहा हूँ, वो cambridge का है|

हम तीन लोग बैठे हुए थे, अर्वित, राजेश और मैं (मनु) | शायद कुछ अपने पुराने दिनों की यादें सुना रहे थे एक दूसरे को| वाह, क्या रात थी| हमने उस दिन ६ लीटर wine पी| और सुबह हमें खुद भी भरोसा नही हो रहा था कि हमने ऐसा किया|

पैसे कि कड़की चल रही थी| मैं खेती कर रहा था, मेरे जैसे कुछ पढे लिखे जवानों के साथ| और बस, इस से अच्छा और क्या माहौल हो सकता है| सब साथ में बैठ कर अपने पुराने दिनों को याद कर रहे थे, कुछ गजलों के साथ| बस, यकायक जो माहौल बना उन गजलों के साथ, पूछिये मत, हम भी उस बहाव में बहते चले गए| ना ही वक़्त हमें रोक रहा था और ना ही हमारा कोई इरादा था|

हम लोग उस दिन एक २ लीटर की wine की बोतल ले कर बैठे (wine दारु से सस्ती पड़ती थी)| अर्वित की engagement हुई थी| बस, एक नशा सा था उसे भी| राजेश की कुछ अच्छी-बुरी सी यादें थी| और बात करने को अच्छा सा माहौल और साथ में हमारी सस्ती सी wine थी|

हमे पता ही नही चल रहा था कि रात कैसे बीती जा रही है| बस, जहाँ २ लीटर से चले थे, चलते चलते कैसे और कब ६ लीटर पर पहुंच गए, ये तो मुझे भी नही मालूम। बातें तो कहीँ ना कहीँ, यादों कि गहराईयों में अब भी मौजूद हैं, पर उनको ना ही मैं खुद कुरेदना चाहता हूँ, ना ही मेरा ऐसा कोई इरादा है। कुछ अच्छे लम्हों का जिक्र अवश्य करूंगा।

......
.............

बीच का कुछ किस्सा बाद के लिए छोड़ रहा हूँ|
सुबह हुई, काम का वक़्त आ गया| भाई साहेब(हमारे काम के कर्ता-धर्ता) की तरफ से फ़ोन पर फ़ोन आ रहे थे, पर कोई भी इस हालात में नही था की फ़ोन उठा कर उनका सामना कर सके। Finally हमने फ़ोन की तार ही निकाल कर फ़ोन को एक तरफ रख दिया| शायद कुछ देर की राहत थी ये, पर अभी अंत नही था। कुछ देर बाद ही दरवाज़े पर खट-खट शुरू हो गयी। सबको पता था कि ये भाई साहेब हैं, और कोई भी उठ कर दरवाज़ा नही खोल रहा था। बस बाहर वाले कमरे में अपने राजेश भाई सो रहे थे, और उन्होंने और सहन ना कर के दरवाज़ा खोल दिया। बस फिर क्या था, भाई साहब ने कहा और वो साथ चल दिए। अब आप लोग समझ ही सकते हैं कि एक आदमी जिसने २ लीटर wine पी है, उसकी क्या हालत हो सकती है। उस दिन सेब की picking करनी थी।

राजेश बाग़ में गया और सेब के पेड के साथ सीढ़ी लगा कर चढ़ गया। और जो उसने और भाई-साहब ने हमें बखान किया, अपनी कहानी का। बस आज तक हम लोग भूल नही पाए हैं उस को।

बाक़ी सभी लोगों ने सेब तोड़ कर अपनी टोकरीयाँ भर ली और राजेश जो एक पेड पर चढ़ा था, दोपहर हो गयी, उस से नीचे ही नहीं उतरा। हर सेब को सोच-२ कर तोड़ रहा था, अच्छे से देख-२ कर। और जैसे ऊपर चढा हुआ झूल रहा था। इतने में भाभी जी दोपहर का खाना ले कर आ गयी। और उन्होने जो आवाज़ दी, उसको नीचे आने के लिए। कि बस अब तो बहुत निहार लिया इस सेब को, तोड़ ले और नीचे आ जा। बस आज भी हँसी नही रूकती है।बस उसके बाद उस दिन वो दुबारा सेब के पेड पर नही चढ़ा। भाभी जी के साथ वापस घर आ गया।

यादें तो बहुत हैं, पर हाथों के लिखने की गति सोच के साथ नही चल सकती, शायद फिर कभी। पर क्या करूं, यादें तो आती हैं। लिखुंगा कभी। बहुत याद आती है उन दिनों की भी।

Sunday, September 9, 2007

मैं... ख़ुद से अजनबी..

अपने ब्लॉग पर पहली बार कुछ लिख रहा हूँ| आज एक बार फ़िर मेरी भटकती सोच ने एक करवट ली है| शायद फ़िर से मन की गहराईयों में से कुछ उगल कर उपर आने को मचल रहा है| मन की लहरें फ़िर से उफान पर हैं| कहीं न कहीं मेरे दिमाग के भंवर में कुछ उथल-पुथल सी मची हुई है| पता नही, यह मन क्या कहना चाह रहा है| विचार इस कदर पनप रहे हैं की मेरे हाथों से लिखने की गति मंद पड़ गयी है| शायद इसीलिये मैंने इसका नाम "Subtle Thoughts" दिया है|